---Advertisement---

रांची से छत्तीसगढ़ जा रही बस में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

On: March 11, 2026 9:54 PM
---Advertisement---

रांची: राजधानी रांची में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नामकुम थाना क्षेत्र के खरसीदाग इलाके में चलती बस में अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक यह घटना कोचबोंग रिंग रोड पर हुई। शिवनाथ नामक यात्री बस रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड से छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। यात्रा के दौरान जैसे ही बस कोचबोंग इलाके के पास पहुंची, तभी बस के अंदर से धुआं उठता हुआ दिखाई देने लगा।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को जल्द से जल्द नीचे उतरने के लिए कहा। चालक और अन्य लोगों की मदद से कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों के उतरते ही बस में आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। घटना के दौरान यात्री, बस की डिक्की से अपना सामान निकालने में सफल रहे, लेकिन बस की छत पर रखे सामान आग में जलकर राख हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम के साथ अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। हालांकि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही बस पूरी तरह आग की लपटों में घिर चुकी थी। बाद में दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। हालांकि आग की वजह से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
प्राथमिक जांच में बस में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रशासन का कहना है कि बस के कागजात और उसकी तकनीकी स्थिति की भी जांच की जाएगी, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now