
पलामू: जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में खुखड़ी चुनते समय अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 55 वर्षीय एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से उसका दाहिना हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायल की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के काचन गांव निवासी बुधन राम के पुत्र शनिचरवा राम (55) के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए MMCH पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
खुखड़ी चुनने के दौरान अचानक हुआ ब्लास्ट
जानकारी के अनुसार, शनिचरवा राम मंगलवार को जंगल में खुखड़ी चुनने गया था। इसी दौरान खुखड़ी चुनते वक्त अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि शनिचरवा राम का दाहिना हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जंगल में आखिर किस वस्तु के संपर्क में आने से विस्फोट हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही ब्लास्ट के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।






