
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। गेट हकीमा थाने में तैनात सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) हरजीत सिंह को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हरजीत सिंह की ड्यूटी पेट्रोलिंग में थी। बीती रात ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भगतावाला दाना मंडी के गेट नंबर-2 के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनकी गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ASI को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस अब वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
मुख्यमंत्री ने परिवार के लिए किया बड़ा ऐलान
ASI हरजीत सिंह की मौत पर पंजाब सरकार ने शोक जताते हुए उनके परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारी की वीरता और सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा।
सरकार की ओर से परिवार को 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा HDFC बैंक की ओर से 1 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान भी परिवार को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मुश्किल समय में शहीद पुलिसकर्मी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
पुलिसकर्मी की हत्या को लेकर पंजाब की सियासत भी गरमा गई है। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने घटना को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
मजीठिया ने कहा कि अमृतसर में पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अब तक कई ASI की हत्या हो चुकी है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा।
DGP ने दी श्रद्धांजलि
पंजाब पुलिस के DGP की ओर से भी ASI हरजीत सिंह की मौत पर शोक व्यक्त किया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से कहा गया कि पंजाब पुलिस इस दुख की घड़ी में शहीद अधिकारी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
DGP की ओर से यह भी बताया गया कि हरजीत सिंह को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। पुलिस अब हत्याकांड की जांच करते हुए हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।



