
पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। इंदापुर तहसील के तरंगवाड़ी गांव में जमीन बेचने से नाराज दो बेटों ने कथित तौर पर अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ सड़क पर मारपीट की।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। घटना सोमवार की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो बुधवार को सामने आया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 30 अगस्त की शाम तरंगवाड़ी गांव में हुई। मामले में इंदापुर निवासी 65 वर्षीय किसान तुकाराम राउत की शिकायत पर उनके दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, तुकाराम राउत अपनी बीमार पत्नी अंजना के साथ शाम के समय टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनके दोनों बेटे कार से वहां पहुंचे। दोनों बेटे अपने परिवार के साथ इंदापुर के मालवाड़ी इलाके में अलग रहते हैं।
आरोप है कि दोनों भाइयों ने अपनी मां अंजना के नाम पर मौजूद जमीन को बेचने के फैसले को लेकर माता-पिता से सवाल-जवाब शुरू किया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों ने कथित तौर पर अपने मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बेटों ने बुजुर्ग पिता को डंडे से पीटा। हमले में तुकाराम राउत को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बीच-बचाव करने में उनकी पत्नी अंजना के हाथ की कलाई और कमर में चोट लगने की बात सामने आई है।
मारपीट के दौरान दोनों बेटों पर अपने माता-पिता के साथ गाली-गलौज करने का भी आरोप है। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने धमकी दी कि अगर जमीन का सौदा रद्द नहीं किया गया तो वे दोनों को जान से मार देंगे।
सड़क पर बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट होते देखकर स्थानीय लोगों और राहगीरों ने हस्तक्षेप किया। लोगों ने दोनों बुजुर्गों को बेटों के चंगुल से बचाया और इलाज के लिए इंदापुर उप-जिला अस्पताल पहुंचाया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद इंदापुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच कर रही है।







