---Advertisement---

बंगाल सहित ‌5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा, जानें कब-कहां और कितने फेज में होगी वोटिंग

On: March 15, 2026 4:48 PM
---Advertisement---

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। तमिलनाडु में सिंगल फेज में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वहीं, बंगाल में दो फेज 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं तीन राज्य केरल, असम और पुडुचेरी में सिंगल फेज यानी 9 अप्रैल वोटिंग होगी। रिजल्ट 4 मई को आएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में कुल 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इन क्षेत्रों में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (SIR) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और अंतिम वोटर लिस्ट भी प्रकाशित कर दी गई है। कुल मिलाकर इन पांचों क्षेत्रों में 824 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा।

असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में मतदान

असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 9 अप्रैल को कराए जाएंगे। इन राज्यों में मतदान के बाद 4 मई को मतगणना की जाएगी।

असम की 126 विधानसभा सीटों पर मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।
वहीं केरल की 140 सीटों पर लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। इसके अलावा भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए भी चुनाव मैदान में है। भाजपा यहां करीब 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए भी 9 अप्रैल को मतदान होगा। यहां कांग्रेस, डीएमके और सीपीआई गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में है, जबकि विपक्ष में ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस, भाजपा और एआईएडीएमके का गठबंधन है।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव एक चरण में 23 अप्रैल को कराया जाएगा। राज्य में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है और राजनीतिक दल अपने-अपने गठबंधनों के तहत सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव

पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। सभी चरणों की मतगणना 4 मई को की जाएगी।
राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस वर्ष 2011 से राज्य की सत्ता में है और पार्टी एक बार फिर जीत का दावा कर रही है, जबकि भाजपा भी राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।

4 मई को आएंगे सभी राज्यों के नतीजे

चुनाव आयोग के अनुसार चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतदान की प्रक्रिया अप्रैल में पूरी कर ली जाएगी और 4 मई को सभी सीटों के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now