
IND W vs JPN W: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने मेजबान जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। भारतीय टीम ने 58 रन के लक्ष्य को महज 5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए जापान की पूरी टीम को 19.5 ओवर में सिर्फ 57 रन पर समेट दिया।
जापान की पारी में हारुना इवासाकी और अयाका काटो स्टेफॉर्ड के अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी का सामना नहीं कर सकी। हारुना इवासाकी ने 22 गेंदों में 10 रन बनाए, जबकि अयाका काटो स्टेफॉर्ड ने 47 गेंदों में 25 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा जापान का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
भारत की ओर से श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 10 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं शेफाली वर्मा ने 2 विकेट अपने नाम किए। श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
58 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने महज 15 गेंदों में 40 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। भारत को हालांकि दो शुरुआती झटके लगे। जी कमालिनी बिना खाता खोले आउट हुईं, जबकि भारती फूलमाली 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद ऋचा घोष ने 6 गेंदों में नाबाद 12 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। भारत ने 5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 59 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
जापान के खिलाफ जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब 20 सितंबर को सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। टीम इंडिया की नजरें इस मुकाबले में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाने पर होंगी।







