जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत साकरा स्थित केनरा बैंक शाखा में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। पांच नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर बैंक में घुसकर करीब 15 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय पांच युवक ग्राहक बनकर बैंक परिसर में दाखिल हुए। बैंक के अंदर प्रवेश करते ही सभी ने अपने चेहरे पर मास्क लगा लिया और पिस्तौल निकालकर कर्मचारियों और मौजूद लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। हथियार के डर से बैंक कर्मी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने पूरे बैंक को अपने कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि लुटेरों ने बैंक के कर्मचारियों को एक जगह बैठाकर बंधक बना लिया और कैश काउंटर के साथ-साथ तिजोरी से करीब 15 लाख रुपये निकाल लिए। इस दौरान बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों के मोबाइल फोन, पर्स और गले में पहनी सोने की चेन भी छीन ली। पूरी घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी तेजी से बैंक से बाहर निकले और बाइक पर सवार होकर स्थानीय रास्तों से पश्चिम बंगाल की ओर भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भागने के दौरान बदमाशों ने लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिए ताकि पुलिस उनके लोकेशन के आधार पर उन्हें ट्रैक न कर सके।
इधर घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
इसके साथ ही बैंक कर्मियों, ग्राहकों और आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस बदमाशों के हुलिए, उनकी बाइक और संभावित नंबर प्लेट के बारे में जानकारी जुटा रही है। चूंकि घटनास्थल पश्चिम बंगाल की सीमा के करीब है, इसलिए पुलिस को आशंका है कि आरोपी सीमा पार कर सकते हैं। इसको लेकर आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा कर रही है।














