
गुमला: जिले के पालकोट प्रखंड में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। रांची से पहुंची ACB की टीम ने मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) हरीश प्रजापति को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे प्रखंड कार्यालय में कुछ समय तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार, हरीश प्रजापति के खिलाफ रिश्वत मांगने से संबंधित शिकायत ACB को मिली थी। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने मामले की प्रारंभिक जांच की और आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद ACB ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए पूरी योजना तैयार की।
इसी रणनीति के तहत रांची से ACB की टीम पालकोट पहुंची। टीम ने प्रखंड कार्यालय में कार्रवाई करते हुए मनरेगा के BPO हरीश प्रजापति को अपने कब्जे में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ रांची ले गई।
रांची में ACB की ओर से मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। रिश्वत की रकम और शिकायत से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।







