---Advertisement---

रांची के अशोक नगर में हाई-प्रोफाइल चोरी में बड़ा खुलासा, 80 लाख की जगुआर से पहुंचे थे बदमाश

On: July 11, 2026 1:08 PM
---Advertisement---

फर्जी आधार पर होटल में ठहरे, करोड़ों की चोरी के बाद फरार; एसआईटी गठित कर जांच तेज

रांची। राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो अपराधी करीब 80 लाख रुपये की जगुआर कार से 8 जुलाई की दोपहर रांची पहुंचे थे। कार पर उत्तर प्रदेश का नंबर प्लेट लगा हुआ था। दोनों आरोपियों ने जगन्नाथपुर स्थित होटल पार्क रिट्रीट में फर्जी आधार कार्ड के सहारे कमरा लिया और वहीं ठहरे। पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले दोनों ने इलाके की रेकी भी की थी।

पुलिस जांच के अनुसार, रेकी के बाद बुधवार देर रात दोनों अपराधी अशोक नगर रोड नंबर-4बी स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर में घुसे। एक बदमाश घर के अंदर चोरी करता रहा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। इसके बाद दोनों ने बिल्डर निशित केसरी के घर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद अंगरक्षक की फायरिंग के बाद वे भाग निकले।

वारदात के बाद दोनों आरोपी सीधे होटल पार्क रिट्रीट पहुंचे और रातभर वहीं रुके। गुरुवार सुबह करीब 5:20 बजे होटल से निकलकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य इनपुट के आधार पर पुलिस का मानना है कि आरोपी रांची छोड़ चुके हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि होटल में जमा किया गया आधार कार्ड भी फर्जी था। पुलिस को एक तीसरे साथी के शामिल होने की भी जानकारी मिली है, जो दूसरी कार से आया था और होटल के बाहर रहकर गतिविधियों पर नजर रख रहा था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में गठित टीम में कोतवाली, धुर्वा, जगन्नाथपुर और पुंदाग ओपी के थाना प्रभारियों को शामिल किया गया है। टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

इधर, बिल्डर अखिलेश पांडेय के पुत्र आशुतोष पांडेय की शिकायत पर अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, चोर घर से करीब आठ लाख रुपये नकद और करीब 90 लाख रुपये मूल्य के सोने, हीरे, रुबी एवं चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में लगभग 600 ग्राम सोने के जेवर, हीरे का सेट, रुबी सेट, चांदी के कीमती उपहार, महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी शामिल है। शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी घर में जानलेवा हमले की नीयत से घुसे थे, लेकिन अखिलेश पांडेय के नहीं मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

इस हाई-प्रोफाइल चोरी ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now