IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के अगले सीजन की शुरुआत अब 28 मार्च से होगी। इसकी घोषणा रविवार को ब्रॉडकास्टर Star Sports ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले ICC Men’s T20 World Cup फाइनल मुकाबले से पहले की।
पहले IPL 2026 का आगाज 26 मार्च से प्रस्तावित था, लेकिन देश के कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट की शुरुआत की तारीख में बदलाव किया गया है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अभी तक पूरे टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में होने वाले चुनावों के कारण सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। इन राज्यों में चुनाव की संभावित तारीखों को देखते हुए IPL के मैचों की योजना बनाई जा रही है।
दरअसल जिन तीन राज्यों में IPL के मुकाबले खेले जाते हैं, वहां विधानसभा चुनाव की तारीखों का अभी तक औपचारिक एलान नहीं हुआ है। इनमें तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम शामिल हैं।
इन राज्यों में स्थित कई मैदान आईपीएल टीमों के घरेलू या वैकल्पिक वेन्यू हैं। कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स का होम ग्राउंड है, जबकि चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स अपने घरेलू मैच खेलती है। वहीं असम की राजधानी गुवाहाटी को राजस्थान रॉयल्स के दूसरे होम वेन्यू के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
ब्रॉडकास्टर की ओर से टूर्नामेंट की नई शुरुआत की तारीख का ऐलान कर दिया गया है, लेकिन पूरा मैच शेड्यूल अभी सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों के भीतर IPL 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा, जिसके बाद सभी टीमों के मुकाबलों की तारीख और वेन्यू स्पष्ट हो जाएंगे।














