गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सली घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बिहार STF और बेंगाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमुई जिले के चिलकाखार गांव निवासी पंकज यादव और कोडरमा जिले के तांतीभागलपुर गांव निवासी पवन सिंह के रूप में हुई है। दोनों को गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक बिहार STF को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली कांड में वांछित दोनों आरोपी बेंगाबाद थाना इलाके में छिपकर रह रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पटना STF की टीम गिरिडीह पहुंची और पूरे मामले की जानकारी गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार को दी गई। इसके बाद एसपी ने सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव को बिहार पुलिस को सहयोग करने का निर्देश दिया।
एसडीपीओ के निर्देश पर बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और पटना से आई STF टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत के मंझलाटोल गांव की घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना में कांड संख्या 143/25 दर्ज है, जो एक नक्सली घटना से जुड़ा हुआ मामला है। बिहार पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सक्रिय सदस्य हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इन दोनों के खिलाफ बिहार के जमुई, चकाई, चरकापत्थर और चंद्रदीप थाना के अलावा झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी ब्लॉक और कोडरमा जिले के सतगांवा थाना में भी नक्सली गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों ने चरकापत्थर थाना क्षेत्र में जेल से जमानत पर बाहर आए नक्सली लखन यादव को गोली मारकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद से बिहार पुलिस और STF उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। दोनों आरोपी गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मंझलाटोल गांव में छिपकर रह रहे थे।









