{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"remove":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
जमशेदपुर। झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के मुद्दे पर मंगलवार को जमशेदपुर में भाजपा का आक्रोश सड़क पर उतर आया। भाजपा जमशेदपुर महानगर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित पार्टी कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और डीसी ऑफिस के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता डीसी ऑफिस के गेट पर भी चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

भाजपा का आरोप है कि JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का खामियाजा राज्य के लाखों युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। पार्टी ने इन मामलों की जांच CID के बजाय CBI से कराने, आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और परीक्षा गड़बड़ी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पार्टी कार्यालय से निकला पैदल मार्च, डीसी ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन
प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जुटे। हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। रास्ते भर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा छात्रों के साथ न्याय की मांग उठाई गई।
डीसी ऑफिस पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता कार्यालय के गेट पर चढ़ गए, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।
तीन प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से तीन मांगें रखी गईं।
पहली मांग आंदोलन के दौरान और उसके बाद छात्रों पर विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने की है।
दूसरी मांग कथित धांधली और अनियमितताओं के कारण रद्द या स्थगित की गई JPSC-JSSC परीक्षाओं की जांच CID के बजाय CBI से कराने की है।
तीसरी मांग परीक्षा गड़बड़ी के मामलों में गिरफ्तार आयोग के अध्यक्ष के अलावा अन्य जिम्मेदार सदस्यों और संबंधित पदाधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की है।
‘दोषियों को संरक्षण और छात्रों पर कार्रवाई, यह दोहरा रवैया नहीं चलेगा’
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि JPSC-JSSC समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और भ्रष्टाचार ने राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य और पूरी व्यवस्था पर उनके भरोसे को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में अनियमितता के आरोपों के बीच यदि छात्र अपनी आवाज उठाते हैं तो उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करना उचित नहीं है। भाजपा ने सरकार से छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
अभय सिंह का हमला- ‘छात्र, किसान, मजदूर और नौजवान के खिलाफ बनी सरकार’
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से वर्तमान सरकार सत्ता में आई है, छात्रों के खिलाफ कार्रवाई बढ़ी है और युवाओं के भविष्य पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं और छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों पर मुकदमे दर्ज करने चाहिए। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित फर्जीवाड़े की जांच CBI से कराने की मांग दोहराई।
संजीव सिन्हा के नेतृत्व में प्रदर्शन, कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और किसी भी गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पूर्व विधायक मेनका सरदार सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, नंदजी प्रसाद, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, सुधांशु ओझा, सत्या तिवारी, राजन सिंह, राजेश शुक्ल, योगेश मल्होत्रा, अनिल मोदी, कुलवंत सिंह बंटी, मिथिलेश सिंह यादव, रमेश हांसदा, कुसुम पूर्ति समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ता है। ऐसे में सरकार को मामले की गंभीरता को समझते हुए निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और आंदोलनकारी छात्रों को राहत देने की दिशा में तत्काल कदम उठाना चाहिए।






