---Advertisement---

चुटिया:एसडीएम ने गैस की कालाबाजारी के खिलाफ रेड, 250 से अधिक सिलेंडर जब्त

On: April 17, 2026 7:22 AM
---Advertisement---

रांची: प्रदेश की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में एलपीजी गैस की कालाबाजारी के खिलाफ एसडीएम कुमार रजत ने रेड की।

एसडीएम की अगुवाई में जिला प्रशासन और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने साईं कॉलोनी में छापेमारी कर करीब 250 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में खलबली मच गई। खबर लिखे जाने तक छापेमारी और जांच की कार्रवाई जारी थी।

बताया जा रहा है कि प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग जरूरत के समय गैस सिलेंडर जमा कर मुनाफा कमाने के लिए महंगे दामों पर बेच रहे हैं। जैसे ही गुप्त सूचना मिली, सदर एसडीएम कुमार रजत ने बिना देर किए कार्रवाई का फैसला लिया और तुरंत टीम बनाकर बताए गए लोकेशन पर पहुंच गए। एसडीएम ने छापेमारी के दौरान पूरे परिसर की तलाशी खुद की निगरानी में करवाई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी हालत में दोषियों को छोड़ा नहीं जाए।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है कि सिलेंडर कहां से आए, किसके लिए रखे गए थे और इनकी सप्लाई किस इलाके में की जा रही थी। प्रशासन को आशंका है कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है, जो लंबे समय से गैस की अवैध खरीद-बिक्री में शामिल हो सकता है।

मौके पर सिटी डीएसपी समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
इस कार्रवाई में सिटी डीएसपी वेंकटेश रमन समेत पुलिस और प्रशासन के कई पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत कर दी थी ताकि कोई भाग न सके और जांच में बाधा न पहुंचे।

एसडीएम ने कहा, जरूरत की चीजों की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं
छापेमारी के दौरान एसडीएम कुमार रजत ने साफ शब्दों में कहा कि गैस जैसी जरूरी चीजों की कालाबाजारी करना गंभीर अपराध है। ऐसे लोग जो आपदा या जरूरत के समय जनता को परेशान कर मुनाफा कमाते हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पूरे नेटवर्क की पहचान कर आगे कार्रवाई की जाए।

जांच के बाद दर्ज होगा केस, हो सकती है और गिरफ्तारी
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सिलेंडरों की गिनती और जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा। यदि जांच में यह बात सामने आती है कि गैस एजेंसी या किसी सप्लाई चैन से सिलेंडर अवैध तरीके से निकाले गए हैं, तो उन पर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है। फिलहाल एसडीएम कुमार रजत के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now