रांची: शनिवार को रांची के 24 वर्षीय मोहम्मद अली हुसैन का शव वापस लाया गया। जैसे ही शव विमान से निकाल कर एयरपोर्ट के बाहर लाया गया, वहां मौजूद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एयरपोर्ट पर मौजूद रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने हुसैन के परिजनों को सरकार की ओर से सहायता के तौर पर पांच लाख रुपए का चेक सौंपा। इस घटना के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भी कुवैत अग्निकांड में हुसैन के निधन पर दुख जताया है।
गौरतलब है कि, बुधवार (12 जून) को सुबह कुवैत के मंगाफ क्षेत्र में एक बहुमंजिला इमारत में लगी आग में 45 भारतीयों समेत कुल 49 लोगों की मौत हो गई थी। इमारत में 195 प्रवासी मजदूर रहते थे।