श्री बंशीधर नगर

अतिक्रमण हटाने, भारी वाहनों पर रोक, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था और ट्रैफिक सुधार की उठाई मांग

ख़बर को शेयर करें

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर में बढ़ते अतिक्रमण, बिगड़ती यातायात व्यवस्था तथा जनसुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता मंटू पांडेय ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपते हुए जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिकों को प्रतिदिन यातायात अव्यवस्था, अतिक्रमण, गंदगी तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए नगर प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

मांग पत्र में जंगीपुर से गोसाईंबाग तक मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने, नगर क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालयों की नियमित साफ-सफाई, मरम्मत और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके अलावा सब्जी बाजार जाने वाले सभी मार्गों से अतिक्रमण हटाकर खरीदारों एवं दुकानदारों के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था करने की बात कही गई है।

आवेदन में नगर के शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण रोक लगाने तथा उन्हें बाइपास मार्ग से संचालित करने की मांग भी उठाई गई है। साथ ही बड़े मालवाहक ट्रकों के नगर क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक प्रतिबंध लगाने का सुझाव दिया गया है। आवेदन में कहा गया है कि इससे शहर में जाम की समस्या कम होगी, यातायात व्यवस्था सुचारू होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी।

आम आदमी पार्टी ने नगर पंचायत से मांग की है कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी बिंदुओं पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि नगरवासियों को बेहतर यातायात व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Avatar photo

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।