Earthquake: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में सोमवार को तेज भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, दोपहर करीब 11 बजकर 56 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र लेह क्षेत्र में जमीन से लगभग 171 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
भूकंप के झटके इतने प्रभावी थे कि उनका असर पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी महसूस किया गया। अचानक आए झटकों से लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया और कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी तरह की जान-माल की क्षति की कोई सूचना सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि आज देश की राजधानी दिल्ली में भी सुबह-सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। NCS के मुताबिक, सुबह 8 बजकर 44 मिनट पर दिल्ली में आए भूकंप की तीव्रता 2.8 दर्ज की गई। इस भूकंप का केंद्र उत्तरी दिल्ली में था और इसकी गहराई लगभग 5 किलोमीटर बताई गई। दिल्ली में आए भूकंप के झटके हल्के थे, लेकिन सुबह के समय लोगों ने कंपन महसूस किया।













