ENG vs NEP: टी20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड की टीम अपने पहले ही मुकाबले में बड़े उलटफेर का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। नेपाल ने आख़िरी ओवर तक मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा, लेकिन सैम करन की शानदार डेथ ओवर गेंदबाज़ी ने इंग्लैंड को चार रन की बेहद करीबी जीत दिला दी। अंतिम तीन ओवरों में नेपाल को 46 रन चाहिए थे और दो ओवर में 36 रन बनाकर उसने इंग्लैंड की धड़कनें तेज़ कर दी थीं। जीत नेपाल की मुट्ठी में दिख रही थी, लेकिन आखिरी ओवर में करन ने केवल पांच रन खर्च कर इंग्लैंड को जीत दिला दी।
इंग्लैंड की पारी: शुरुआती झटकों के बावजूद 184 तक पहुंची टीम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के दूसरे ओवर में ही फिल साल्ट सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान जॉस बटलर ने 17 गेंदों में 26 रन बनाए, लेकिन वह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। सातवें ओवर में टॉम बैंटन के आउट होने के बाद इंग्लैंड का स्कोर 57 पर तीन विकेट हो गया। इसके बाद जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला और कप्तान हैरी ब्रूक के साथ चौथे विकेट के लिए 45 गेंदों में 71 रनों की अहम साझेदारी की। अंतिम ओवरों में विल जैक्स ने 18 गेंदों में नाबाद 39 रन ठोकते हुए इंग्लैंड को 184 रन तक पहुंचाया। नेपाल की ओर से गेंदबाजी में दीपेंद्र ऐरी (2 विकेट) और नंदन यादव (2 विकेट) सबसे प्रभावी रहे।
नेपाल की जवाबी पारी: तूफानी शुरुआत से जीत की दहलीज तक
185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। पहले तीन ओवरों में नेपाल ने 31 रन बना लिए। 42 रन पर ओपनर्स के आउट होने के बाद नेपाल की पारी को दीपेंद्र ऐरी और कप्तान रोहित पॉडेल ने संभाला।
दोनों के बीच 54 गेंदों में 82 रनों की शानदार साझेदारी हुई।
आख़िरी ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रनों की आवश्यकता थी। गेंद सैम करन के हाथ में थी। उन्होंने नेपाल के बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। करन ने इस ओवर में सिर्फ पांच रन दिए और इंग्लैंड को चार रन से रोमांचक जीत दिला दी। लोकेश बाम 20 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन उनकी यह पारी नेपाल को ऐतिहासिक जीत तक नहीं पहुंचा सकी।













