
जमशेदपुर। वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन (VBDA), झारखंड में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। इसके तहत केरला पब्लिक स्कूल के निदेशक शरद चंद्रन को चेयरमैन, टाटा स्टील के वरीय पदाधिकारी और पूर्व प्रेसिडेंट इंद्रजीत पॉल को पदोन्नत कर वाइस चेयरमैन बनाया गया । क्रॉस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के एचआर हेड रमाकांत गिरी को प्रेसिडेंट तथा टाटा मेन हॉस्पिटल पैथोलॉजी विभाग के प्रमुख पद से सेवानिवृत्त डॉ. मीनाक्षी मिश्रा को जमशेदपुर थैलेसीमिया सोसाइटी का वाइस चेयरमैन बनाया गया।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष सुनील मुखर्जी, प्रसिद्ध मैनेजमेंट गुरु डॉ. चंदेश्वर खां, महासचिव कमल कुमार घोष, प्रशिक्षण प्रमुख प्रदीप घोषाल, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के महाप्रबंधक संजय चौधरी, जमशेदपुर थैलेसीमिया सोसाइटी के महासचिव नरेंद्र कुमार एवं संयुक्त सचिव श्रीराम सिंह सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा थैलेसीमिया, हीमोफीलिया एवं सिकल सेल जैसी गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प दोहराया।

वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का माध्यम ही नहीं, बल्कि एक मानवीय और सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इसके साथ ही रक्त संबंधी आनुवंशिक बीमारियों की समय रहते पहचान, रोकथाम एवं जागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
नई संगठनात्मक टीम ने रक्तदान आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने तथा झारखंड में सुरक्षित एवं स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को व्यापक रूप से स्थापित करने के लिए पूरे उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।





