July 26, 2026

लिटिल चैंप्स फुटबॉल में गिरिडीह की बालक-बालिका टीम राज्य विजेता

app_17849845106a64b3bebd90e_1002581678.jpg


भास्कर न्यूज | गिरिडीह झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में खेलगांव, रांची में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता (अंडर-12 बालक एवं बालिका वर्ग) शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रतियोगिता में गिरिडीह जिले की बालक एवं बालिका दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. बालक वर्ग के फाइनल मैच में गिरिडीह और रामगढ़ के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली. निर्धारित 15-15 मिनट के खेल में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और मैच बराबरी पर छूटा. इसके बाद 5-5 मिनट के अतिरिक्त समय में गिरिडीह के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकमात्र गोल कर रामगढ़ को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया. वहीं बालिका वर्ग के फाइनल मैच में गिरिडीह की टीम ने सिमडेगा के विरुद्ध बेहतरीन समन्वय एवं तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया. पूरे मैच में गिरिडीह की लड़कियों ने शानदार खेल दिखाया और सिमडेगा को 1-0 से हराकर राज्य चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया. गिरिडीह की दोनों टीमों की इस दोहरी सफलता ने जिले का नाम पूरे राज्य में गौरवान्वित किया है. इस ऐतिहासिक जीत पर जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार हेम्ब्रम एवं शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके शारीरिक शिक्षकों एवं संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को बधाई दी.

Source link

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed