---Advertisement---

गुमला: बच्चा चोरी के शक में विक्षिप्त महिला की पीट-पीटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

On: March 9, 2026 4:33 PM
---Advertisement---

गुमला: जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के बिशुनपुर प्रखंड के लबगा गांव में बच्चा चोरी की अफवाह के बाद उग्र भीड़ ने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इलाके में बच्चा चोरी की अफवाह फैली हुई थी, जिससे ग्रामीणों में भय और संदेह का माहौल बना हुआ था। रविवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच एक अज्ञात महिला गांव में घूमती हुई दिखाई दी। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध समझ लिया और शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को बुला लिया।

देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। भीड़ ने महिला से पूछताछ करने के बजाय उस पर बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला लगातार खुद को निर्दोष बताती रही, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ और लोग उसे पीटते रहे।

घटना की सूचना मिलने के बाद बिशुनपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now