
गुमला: जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा डुमरी-चैनपुर मुख्य मार्ग पर अल्फोंस बागान के समीप हुआ। यहां बाइक और ‘मंत्री’ नामक बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान जूरमु गांव निवासी रनवीर खेरवार और हिसरी गांव निवासी प्रिंस पोल तिग्गा के रूप में हुई है। वहीं, नौहट्टा गांव निवासी अक्षय कुजूर हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। तीनों की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है और वे चैनपुर कॉलेज के छात्र थे।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कॉलेज से अपने घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे डुमरी-चैनपुर मार्ग पर ख्रीस्तनगर स्थित बागान के समीप पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रही बस से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में रनवीर खेरवार और प्रिंस पोल तिग्गा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अक्षय कुजूर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा रहा।
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमरी पहुंचाया। अक्षय कुजूर के सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। उसकी स्थिति को लेकर फिलहाल पुलिस और परिजनों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
हादसे के बाद बस लेकर भागा चालक, पुलिस ने पकड़ा
हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बस चालक की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जैरागी के पास बस को पकड़ लिया। दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर हुटाप पुलिस पिकेट में रखा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
दोनों छात्रों की मौत की खबर मिलते ही उनके गांवों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।






