
दुमका: जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। रामगढ़ मोड़ स्थित रेलवे ओवरब्रिज के समीप एक मकान में चल रहे इस अवैध ठिकाने पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और कई उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस ने मकान को सील कर दिया है।
बताया जा रहा है कि इस अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा कोलकाता एसटीएफ की जांच के दौरान हुआ। कुछ दिन पहले कोलकाता एसटीएफ ने हथियार तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों से मिली जानकारी में हंसडीहा में अवैध तरीके से पिस्टल और देशी तमंचे तैयार किए जाने की बात सामने आई थी।
इस इनपुट के आधार पर कोलकाता एसटीएफ ने झारखंड पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद दुमका पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संदिग्ध ठिकाने की निगरानी शुरू की। बुधवार देर शाम पुलिस टीम ने रामगढ़ मोड़ के पास स्थित मकान को चारों तरफ से घेर लिया और अंदर छापेमारी की।
पुलिस टीम जैसे ही मकान के अंदर दाखिल हुई, वहां हथियार निर्माण से जुड़ा पूरा सेटअप देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। मौके पर लेथ मशीन समेत कई मशीनें और उपकरण मिले, जिनका इस्तेमाल अवैध हथियारों के निर्माण में किया जाता था।
पुलिस ने सभी संदिग्ध मशीनों और उपकरणों को जब्त कर लिया है। इसके बाद मकान को सील कर दिया गया। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि इस ठिकाने का इस्तेमाल लंबे समय से अवैध हथियार तैयार करने के लिए किया जा रहा था।
छापेमारी के बाद पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि इस ठिकाने पर तैयार किए जाने वाले हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय थे।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध मिनी गन फैक्ट्री के संचालन में कितने लोग शामिल थे और हथियार तस्करी के इस नेटवर्क का संपर्क किन इलाकों तक फैला हुआ है।







