
पलामू: मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में एक घर से सोने के आभूषण चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घरेलू सहायिका, उसकी बेटी और दो बेटों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामला शहर थाना क्षेत्र के राहत नगर, पहाड़ी मोहल्ला का है। यहां रहने वाले मोहम्मद नेसात अहमद ने घर से सोने के आभूषण गायब होने की शिकायत पुलिस से की थी। उनके आवेदन के आधार पर शहर थाना कांड संख्या 340/26, दिनांक 9 सितंबर 2026 को बीएनएस की धारा 305/306/329(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के जरिए मामले की जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस का संदेह घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका सगुफता परवीन पर गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में सामने आया कि सगुफता परवीन ने अपनी बेटी मुस्कान परवीन के साथ मिलकर कथित तौर पर घर से आभूषण चोरी किए थे। चोरी के बाद जेवरात को बाजार में बेचने की जिम्मेदारी उसके दो बेटों को दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, सगुफता के बेटे समीर आलम और सोनू आलम चोरी किए गए आभूषणों को बाजार में बेचने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने सगुफता परवीन और उसकी बेटी मुस्कान परवीन को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी मूल रूप से अररुवा, थाना हरिहरगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। वर्तमान में वे शहर थाना क्षेत्र के कुण्ड मोहल्ले में स्वर्गीय मोबिन के मकान में किराये पर रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने-अपने स्वीकारोक्त बयान में घटना में संलिप्तता की बात कही। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए।
बरामद सामान में 6.730 ग्राम वजन की सोने की चेन और लॉकेट, 2.760 ग्राम वजन के सोने के कान के टॉप की एक जोड़ी और 3.44 ग्राम वजन के सोने के कान के टॉप की एक जोड़ी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में समीर आलम का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ शहर थाना कांड संख्या 179/2025, दिनांक 26 मई 2026, धारा 304(2)/118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
वहीं, पुलिस ने एक अन्य आरोपी सोनू आलम के खिलाफ भी शहर थाना कांड संख्या 179/2026, दिनांक 26 मई 2026, धारा 304(2)/118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी दी है।







