गुमला

गुमला: समर कैंप में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, रचनात्मक गतिविधियों में दिखा उत्साह

ख़बर को शेयर करें

गुमला: जिले के घाघरा प्रखंड अंतर्गत कुहीपाठ पंचायत और गवर्नमेंट मिडिल स्कूल, बृंदा नयकटोली में आयोजित समर कैंप बच्चों के लिए रचनात्मकता, आनंद और सीखने का एक प्रेरणादायक मंच बनकर सामने आया। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस कैंप में पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों और पिरामल फाउंडेशन की टीम के सहयोग से गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया।

कुहीपाठ पंचायत में 194 बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा


मुखिया फगवा उराँव की अगुवाई में हुए समर कैंप में कक्षा एक से आठवीं तक के 194 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने चित्रकला, क्विज प्रतियोगिता, बाल गीत, चेतना गीत और कविता पाठ जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों और ग्रामीणों को प्रभावित किया। प्रधानाध्यापक परशुराम प्रजापति और अन्य शिक्षकों के साथ पिरामल फाउंडेशन की टीम ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

बृंदा नयकटोली में “सपनों के स्कूल” की कल्पना हुई साकार


गवर्नमेंट मिडिल स्कूल, बृंदा नयकटोली में आयोजित समर कैंप में 98 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत जोश से भरे बाल गीतों से हुई, जिसके बाद ड्रॉइंग प्रतियोगिता, समूह गतिविधियाँ और क्विज जैसे रचनात्मक सत्रों का आयोजन हुआ। ग्राम की मुखिया सत्यवती देवी ने बच्चों से संवाद कर उनके “सपनों के स्कूल” की कल्पनाएँ सुनीं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। अंत में सभी बच्चों को चॉकलेट देकर उनके उत्साह और सहभागिता की सराहना की गई।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।