
![]()
पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने मृतिका के पति सतिफ अंसारी (21) को गिरफ्तार कर लिया है. लेस्लीगंज के एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में 16 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के विडरा गांव निवासी लियाकत मियां ने अपनी बेटी रुकीजा खातून की हत्या का आरोप उसके पति सतीफ अंसारी समेत ससुराल के छह लोगों पर लगाया था. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया और उससे सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने पूरी घटना का खुलासा कर दिया और अपना जुर्म भी कबूल कर लिया. पैसे कमाने जाने को लेकर झगड़ा हुआ था. पुलिस के मुताबिक, सतिफ अंसारी की शादी जून 2021 में रुकीजा खातून से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था. घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. रुकीजा अपने पति से बाहर जाकर कमाने की बात कह रही थी, जिस पर सतीफ को गुस्सा आ गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट की. इसके बाद गुस्से में आकर उसने रुकीजा के मुंह में जबरन कीटनाशक डाल दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इस पूरी घटना को घर के अंदर अंजाम दिया गया, ताकि किसी को तुरंत शक न हो. हत्या के बाद रची साजिश हत्या करने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और घटना को आत्महत्या साबित करने की साजिश रची. उसने आत्महत्या का रूप देने के लिए घर की छत पर लकड़ी के बीम से रस्सी बांधी और शव को फांसी पर लटका दिया। हालांकि पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से जांच की. पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आरोपी की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो गई. एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सतीफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है. सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अब इस मामले में नामित अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Source link



