
Hockey World Cup: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर टूर्नामेंट के अगले चरण में जगह पक्की कर ली है। नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में खेले गए पूल डी के इस अहम मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पाकिस्तान को लगातार दबाव में रखा। इस हार के साथ ही पाकिस्तान का वर्ल्ड कप अभियान समाप्त हो गया।
मुकाबले में भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो गोल दागे। हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपनी बेहतरीन ड्रैग-फ्लिक से पाकिस्तान के डिफेंस को लगातार परेशान किया। वहीं अभिषेक ने भी मौके का फायदा उठाते हुए दो गोल कर भारत की बढ़त को मजबूत किया। हार्दिक सिंह ने भी भारत के लिए एक गोल किया।
पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने दो गोल कर वापसी की कोशिश की, जबकि सूफियान खान ने एक गोल दागा। पाकिस्तान ने कुछ मौकों पर भारतीय डिफेंस पर दबाव जरूर बनाया, लेकिन भारतीय टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी और अंत तक बढ़त कायम रखते हुए 5-3 से जीत हासिल की।
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी वर्ल्ड कप में लंबे अंतराल के बाद मुकाबला हुआ। दोनों टीमें इससे पहले 2010 में दिल्ली में हुए वर्ल्ड कप में आमने-सामने हुई थीं। उस मुकाबले में भी भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से मात दी थी। अब 16 साल बाद वर्ल्ड कप के मंच पर हुई भिड़ंत में भारतीय टीम ने एक बार फिर पाकिस्तान को शिकस्त देकर अपना दबदबा कायम रखा।







