
रांची: बरियातू थाना क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बिहार एसटीएफ और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 25 हजार रुपये का इनामी विशाल कुमार सिंह और छोटू प्रिंस उर्फ प्रिंस शामिल हैं। दोनों अपनी पहचान छिपाकर रांची में किराए के मकान में रह रहे थे।
रांची पुलिस के मुताबिक, बिहार एसटीएफ की टीम दोनों अपराधियों की तलाश में रांची पहुंची थी। गुरुवार रात तकनीकी जांच के दौरान दोनों का लोकेशन बरियातू थाना क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित एक मकान में मिला। सूचना की पुष्टि के बाद बिहार एसटीएफ ने रांची पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त टीम ने मकान में छापेमारी कर दोनों को दबोच लिया।
डकैती समेत कई मामलों में वांछित है विशाल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विशाल कुमार सिंह पर पटना में डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लंबे समय से ठिकाने बदल रहा था।
छोटू प्रिंस पर बिहार-दिल्ली में करीब 15 केस
वहीं, छोटू प्रिंस उर्फ प्रिंस के खिलाफ बिहार और दिल्ली में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वह भी पुलिस से बचने के लिए रांची में किराए के मकान में रह रहा था।
रांची में कब से रह रहे थे, संपर्कों की होगी जांच
दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उनकी रांची में गतिविधियों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों अपराधी रांची में कब से रह रहे थे, उन्हें यहां किसने ठिकाना उपलब्ध कराया और वे किन लोगों के संपर्क में थे।







