{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के मजालता जंगलों में सुरक्षा बलों का ‘ऑपरेशन सोहन’ रविवार को भी जारी रहा। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान का दायरा बढ़ा दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी संभावित आतंकी गतिविधि को देखते हुए कठुआ, सांबा, उधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ में हाई अलर्ट जारी किया है।
सुरक्षा बलों ने मजालता के ब्रतल, सोहन और खुब्बन के घने जंगलों में 16 सितंबर की रात अभियान शुरू किया था। इसके अगले दिन 17 सितंबर की सुबह सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया। उनके पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए।
8 आतंकियों का समूह, दो ढेर
जानकारी के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों का समूह करीब 8 सदस्यों का था। घेराबंदी के दौरान तीन आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर उन्हें उलझाए रखा। इसी दौरान समूह के अन्य सदस्यों ने अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर अपना ठिकाना बदल लिया।
मुठभेड़ में सद्दाम और मुस्तफा नाम के दो आतंकियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया, जबकि तीसरे आतंकी के घायल होने की बात सामने आई है। सुरक्षा बलों को जंगल में खून से सने पैरों के निशान भी मिले हैं। इन निशानों के आधार पर घायल आतंकी की तलाश में सर्च ऑपरेशन को और तेज किया गया है।
मारे गए दोनों आतंकियों से संबंधित कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें दफन किए जाने की जानकारी है।
OGW हिरासत में, आतंकी कनेक्शन की जांच
मुठभेड़ स्थल से एक ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) को भी हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर उससे पूछताछ कर रही हैं।
जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका आतंकियों से कोई संबंध था या उसने उन्हें किसी तरह की मदद या रसद उपलब्ध कराई थी।
पांच जिलों में सुरक्षा बढ़ाई गई
मुठभेड़ के बाद सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने मजालता समेत आसपास के इलाकों में घेराबंदी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
सांबा, कठुआ, उधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ के जंगलों तथा सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त संयुक्त चेकपॉइंट बनाए गए हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
ड्रोन और थर्मल सर्विलांस से निगरानी
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बल आधुनिक निगरानी उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं। जंगलों में स्निफर डॉग, ड्रोन और थर्मल सर्विलांस से लैस हेलीकॉप्टरों की मदद से संभावित ठिकानों और भागने के रास्तों की निगरानी की जा रही है।
मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसियां इन उपकरणों के जरिए आतंकियों के संभावित स्थानीय संपर्कों और सपोर्ट नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही हैं।
वहीं, घायल आतंकी के संभावित भागने के रास्ते पर मिले खून के धब्बों और अन्य निशानों की भी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।






