
रांची: झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 से 25 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
21 सितंबर से बारिश का दौर
21 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, 22 सितंबर को तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
23 सितंबर को 8 जिलों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 23 सितंबर को राज्य के आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण-पूर्वी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के अलावा रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश हो सकती है।
इन इलाकों में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है।
24 और 25 सितंबर को भी बारिश का दौर
24 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवा, गरज और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। वहीं 24 और 25 सितंबर को लगभग पूरे झारखंड में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
वज्रपात के दौरान बरतें सावधानी
मौसम खराब होने और वज्रपात की स्थिति में लोगों को खुले मैदान, पेड़ के नीचे, बिजली के खंभों और अन्य खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। तेज आंधी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से भी बचना चाहिए।







