रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कडरू न्यू एजी कॉलोनी स्थित मंदिर मार्ग में रहने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसमें घर के इकलौते बेटे की मौत हो गई, जबकि मां और नाबालिग बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं उसकी मां और बहन ने संभवतः जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है।
सुसाइड की कोशिश करने वाली महिला की पहचान स्नेहा अखोरी के रूप में हुई है, जो पेशे से झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता हैं। उनकी बेटी की उम्र करीब 14 वर्ष बताई जा रही है। मृतक बेटे का नाम मिहिर है। बताया जा रहा है कि मिहिर ने कोलकाता से सीए की पढ़ाई पूरी की थी और हाल ही में उसकी नौकरी ऊषा मार्टिन कंपनी में लगी थी।
घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घर से कुछ दस्तावेज और अन्य सामान भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
फिलहाल आत्महत्या के प्रयास के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों, पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर ऐसा कदम उठाने की नौबत क्यों आई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मां और बेटी के होश में आने के बाद ही पूरे मामले की असली वजह सामने आ सकेगी।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और किसी को यकीन नहीं हो रहा कि पढ़ा-लिखा और प्रतिष्ठित परिवार इस तरह के कदम तक पहुंच गया।
पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।














