---Advertisement---

श्री बंशीधर नगर में खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन, विधायक अनंत बोले- खेल को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

On: June 11, 2026 4:08 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय मैदान में खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अनंत प्रताप देव, विशिष्ट अतिथि एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह एवं झामुमो युवा नेता दीपक प्रताप देव ने संयुक्त रूप से प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर अनुमंडल मैदान से भव्य साइकिल रैली निकाली गई, जो मुख्य मार्ग, कचहरी परिसर, ब्लॉक मोड़ एवं जंगीपुर पावर हाउस होते हुए पुनः अनुमंडल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों एवं स्थानीय युवाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि साइकिल न केवल सस्ता और सुलभ परिवहन का साधन है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल चलाने और फिट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। सरकार चाहती है कि झारखंड के खिलाड़ी भी पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तरह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करें।

एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने कहा कि फिट रहें, साइकिल चलाएं और स्वस्थ शरीर व स्वच्छ पर्यावरण का संदेश समाज को सकारात्मक दिशा देता है। उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा दी।

झामुमो युवा नेता दीपक प्रताप देव ने कहा कि खेल खिलाड़ियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है। साइकिल चलाने से हृदय रोगों का खतरा कम होता है, मोटापा नियंत्रित रहता है और मानसिक तनाव में कमी आती है। साथ ही इससे ईंधन की बचत होती है तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य बाला रानी, झामुमो नेत्री किरण देवी एवं पत्रकार धीरेंद्र चौबे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व जिला खेल प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता एवं आयोजन प्रभारी उज्ज्वल विश्वकर्मा ने अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया। मंच संचालन कमलेश पांडेय ने किया।

विजेता खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत

साइकिल रेस के एलीट ग्रुप में प्रियांजलि कुमारी प्रथम, प्रतिमा कुमारी द्वितीय एवं प्रियंका कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। सब-जूनियर वर्ग में प्रतिमा कुमारी प्रथम, सुषमा पांडेय द्वितीय तथा रूपा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं जूनियर वर्ग में हेमा राज ने प्रथम, प्रीति कुमारी ने द्वितीय एवं नंदनी पासवान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता खिलाड़ियों को विधायक अनंत प्रताप देव, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह एवं दीपक प्रताप देव ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में इंसानियत ट्रस्ट के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शुभम शर्मा, भारती रंजन, मनीष कुमार, रामाशीष कुमार एवं मुकेश ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने खिलाड़ियों के बीच पानी एवं जूस का वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मौके पर मुक्तेश्वर पांडेय, अमरनाथ पांडेय, सूर्यदेव मेहता, महमूद आलम, तस्लीम खान, शमीम खान, सोहन उरांव, सुशील तिवारी,रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू, किशोर कुणाल, अजय कांत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now