
मुंबई: गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गणेश आगमन समारोह के दौरान 22 फीट ऊंची ‘भुलेश्वर चा राजा’ की प्रतिमा अचानक गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, ट्रैफिक पुलिस, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
गणेश आगमन के दौरान अचानक गिरी प्रतिमा
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास स्थित जय अंबे चौक में हुआ। ‘भुलेश्वर चा राजा’ की गणेश प्रतिमा को गणेश आगमन समारोह के तहत पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक प्रतिमा गिर गई।
प्रतिमा के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक हुई इस घटना में कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए। प्रतिमा गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
दो लोगों की अस्पताल में मौत
हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने प्रतिमा के आसपास फंसे और घायल लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद कुछ समय तक इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और राहत-बचाव कार्य पूरा कराया।
प्रतिमा गिरने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल गणेश प्रतिमा अचानक किस वजह से गिरी, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। अधिकारियों की ओर से भी हादसे की वजह को लेकर कोई अंतिम जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं।





