{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
रांची: राजधानी रांची में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली थाना परिसर के पीछे पुरानी और जर्जर पानी की टंकी को हटाने के दौरान अचानक पूरा ढांचा भरभराकर जमीन पर गिर गया। हादसे के समय वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त वहां काम कर रहे दो मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। मलबा हटाने के लिए जेसीबी को मौके पर बुलाया गया। बचाव अभियान के दौरान मलबे से एक मजदूर का शव बरामद किया गया है। वहीं, दूसरे मजदूर के भी मलबे में दबे होने की आशंका है। उसकी तलाश में मलबा हटाने का काम लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना परिसर के पीछे बनी पुरानी पानी की टंकी जर्जर हो चुकी थी। इसे हटाकर उसकी जगह नई पानी की टंकी का निर्माण किया जाना था। इसी को लेकर पुरानी टंकी के ढांचे को तोड़ने और हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक टंकी का पूरा ढांचा धराशायी हो गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर दूसरे मजदूर की तलाश की जा रही है।
फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मलबा पूरी तरह हटाए जाने के बाद हादसे में हुए नुकसान और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।






