खासम ख़ासजन की बातजमशेदपुरझारखंड

बागबेड़ा कॉलोनी को कचरा मुक्त करने की मांग,बीडीओ को ज्ञापन, आंदोलन की धमकी

ख़बर को शेयर करें

पंचायत प्रतिनिधियों ने चार सूत्री मांग पत्र बीडीओ को सौंपा

जमशेदपुर : बागबेड़ा कॉलोनी कचरा मुक्त नहीं होगी तो प्रखंड से लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय तक धरना दिया जाएगा। उक्त बातें पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को चार सूत्री मांग पत्र सौंपने के दौरान कही।

इसके पूर्व बागबेड़ा कॉलोनी में कचरा उठाव एवं डस्टबिन लगाने को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश को चार सूत्री मांग पत्र सौपे है। सौपे गए मांग पत्र में मुख्य रूप से बागबेड़ा कॉलोनी में कई महीनो से दर्जनों जगहों पर पड़े हुए कचरो का ढेर को उठाने, कचरा फेंकने के स्थान को चिन्हित कर डस्टबिन लगाने नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव एवं साफ सफाई मुख्य रूप से शामिल है।

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि 26 जनवरी को कचरा उठाव योजना का शुभारंभ नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पंसस सुनील गुप्ता ने कहा कि दर्जनों जगह कचरो का ढेर रहने के कारण कभी भी संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका है। मुख्य सड़क के समीप कचरो का ढेर रहने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण यथाशीघ्र कचरा उठाव योजना का शुभारंभ कर बागबेड़ा कॉलोनी को कचरा मुक्त बनाने की मांग किए है। अन्यथा प्रखंड विकास कार्यालय से लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय तक पंचायत प्रतिनिधि स्थानीय लोगों के सहयोग से उग्र आंदोलन करने पर बाध्य हो जाएंगे।

उप मुखिया संतोष ठाकुर एवं वार्ड सदस्य अभिषेक उपाध्याय ने संयुक्त रूप से कहा कि बागबेड़ा कॉलोनी में कचडा की समस्या एक जटिल समस्या है, जिसकी स्थाई समाधान करना बहुत जरूरी है। संबंधित पदाधिकारियों से मात्र आश्वासन के सिवाय कुछ भी नहीं हासिल होने पर मजबूरन आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

सारी बातों से अवगत होने के पश्चात प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश ने बागबेड़ा के सारे पंचायत प्रतिनिधियों की जल्द ही बैठक कर इस समस्या का स्थाई समाधान करने की बात कहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना को सफल बनाने के लिए स्थानीय लोगों को सहयोग की आवश्यकता है।

विदित हो कि पिछले कई वर्षों से विधायक संजीव सरदार के सहयोग एवं अथक प्रयास से जुगसलाई नगरपालिका एवं जुस्को के माध्यम से समयानुसार कचरा का उठाव करवाया जाता है।

इस मौके पर मुखिया उमा मुंडा, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य अभिषेक उपाध्याय, जितेंद्र सिंहा, सीमा पांडे, गीता देवी, शैल देवी प्रतिनिधि अरविंद पांडे, राजकुमार सिंह सहित स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Avatar photo

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।