
जमशेदपुर: जमशेदपुर प्रखंड के करनडीह स्थित रेलवे फाटक के समीप पिछले कई महीनों से बनी जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। ग्रामवासियों द्वारा नाली बंद कर दिए जाने के कारण इलाके में बारिश का पानी जमा हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या की जानकारी मिलने के बाद जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो ने बुधवार को करनडीह रेलवे फाटक के पास पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से समस्या की जानकारी ली और जल निकासी की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता भी मौके पर मौजूद रहे। सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए यथाशीघ्र प्राक्कलन तैयार किया जाए और योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सांसद ने कहा कि स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया।
मौके पर जिला परिषद सदस्य, मुखिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी और क्षेत्र के प्रबुद्धजन मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष जलजमाव से होने वाली परेशानियों को रखा और स्थायी समाधान की मांग की। सांसद के निरीक्षण और अधिकारियों को दिए गए निर्देश के बाद स्थानीय लोगों में समस्या के जल्द समाधान को लेकर उम्मीद जगी है।





