मझिआंव (गढ़वा) : नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 9 के ग्राम आमर स्थित पश्चिम टोला में नगर पंचायत द्वारा निर्मित नाली के पूरी तरह भर जाने से जल निकासी बाधित हो गई है। नाली का पानी बाहर बहने से आसपास दुर्गंध फैल रही है तथा बरसात के मौसम में मच्छरों एवं अन्य जीव-जंतुओं के पनपने की आशंका भी बढ़ गई है। इस समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने चिंता जताई है।
समस्या की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी मौके पर पहुंचीं और जाम नाली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पंचायत के सफाई प्रभारी एवं सफाई कर्मियों को नाली की अविलंब सफाई कराने का निर्देश दिया, ताकि जल निकासी सुचारु हो सके और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में मोबाइल पर बातचीत के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने बताया कि बुधवार से नाली की सफाई का कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में किसी भी घर में नाली का पानी न पहुंचे, आसपास स्वच्छ वातावरण बना रहे तथा मच्छरों के प्रकोप से होने वाली संभावित बीमारियों की आशंका कम हो, इसे प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर पंचायत लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वच्छता, जल निकासी और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कदम निरंतर उठाए जाते रहेंगे। स्थानीय लोगों ने भी निरीक्षण और शीघ्र सफाई के निर्देश को सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि समस्या का जल्द समाधान हो जाएगा।
आमर पश्चिम टोला की जाम नाली का नगर पंचायत अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, सफाई कार्य का दिया निर्देश











