पाकिस्तान ने की अफगानिस्तान में एयर स्ट्राइक, 11 मासूम बच्चों समेत 13 की मौत
एजेंसी:अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा विवाद ने फिर एक बार हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया है पाकिस्तान ने सीमा पार करके अफगानिस्तान में भीषण एयर स्ट्राइक की है। जिसमें 11 मासूम बच्चों समेत 13 लोगों की मौत की खबर है। इसके बाद एक बार फिर दोनों देशों के बीच गंभीर तनाव नजर आ रहा है। अफगान प्रशासन ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने बीती रात अफगान हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर सीमावर्ती इलाकों में हवाई हमले किए। इन हमलों में आम नागरिकों के घरों को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है।
अफगानिस्तान के प्रवक्ता Zabihullah Mujahid ने कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन करते हुए कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों के रिहायशी इलाकों पर बमबारी की। उनके अनुसार, हमलों में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और बड़ी संख्या में नागरिक प्रभावित हुए।
अफगान अधिकारियों के मुताबिक इस घटना में 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं। वहीं 14 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई महिलाओं और बच्चों की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है।
घटना के बाद अफगानिस्तान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने इस कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए इसकी तीखी आलोचना की और इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों के खिलाफ बताया। अफगान प्रशासन का कहना है कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
वहीं अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति Hamid Karzai ने भी हमले की निंदा की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए टकराव की नीति छोड़कर बेहतर पड़ोसी संबंधों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
इस घटना ने दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा दिया है। हालांकि पाकिस्तान की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
