---Advertisement---

भीषण गर्मी में श्रद्धालुओं व यात्रियों के लिए श्री बंशीधर मंदिर व रेलवे स्टेशन पर लगा पनशाला

On: May 17, 2026 10:26 AM
---Advertisement---

प्यासे लोगों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य : राजेश प्रताप देव

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच आम लोगों, यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को श्री बाबा बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट की ओर से ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण बंशीधर मंदिर के मुख्य द्वार तथा नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन परिसर में पनशाला लगाया गया। पनशाला का शुभारंभ ट्रस्ट समिति के उपाध्यक्ष सह प्रतिष्ठित व्यवसायी वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, समाजसेवी राकेश विश्वकर्मा एवं सुजीत लाल अग्रवाल ने संयुक्त रूप से यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को बताशा खिलाकर तथा शीतल जल पिलाकर किया। सुबह से ही मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों और रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को ठंडा पानी एवं शरबत उपलब्ध कराया गया। भीषण गर्मी के बीच लोगों को इस सेवा से काफी राहत मिली।

इस अवसर पर श्री बाबा बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट के प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मानव सेवा के कार्यों में भी आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य लोगों की सेवा करना और जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाना है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के जनसेवा कार्य लगातार जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में खासकर रेलवे स्टेशन और मंदिर परिसर में आने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। इसे देखते हुए ट्रस्ट की ओर से पनशाला की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी व्यक्ति को प्यास की वजह से परेशानी न उठानी पड़े। पनशाला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, यात्रियों एवं स्थानीय लोगों ने शीतल जल ग्रहण कर ट्रस्ट समिति के इस प्रयास की सराहना की। मौके पर बंशीधर मंदिर के प्रधान पुजारी निकू तिवारी, स्टेशन मास्टर संतोष कुमार,सुरेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now