रांची: राजधानी रांची के लालपुर इलाके में बार के बाहर हुए सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लालपुर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक युवती भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने गढ़वा निवासी युवक अंकित कुमार सिंह को कार से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन गुप्ता, रमनदीप और एक युवती के रूप में की गई है। लालपुर थाना पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बिहार की ओर फरार हो गए थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने झारखंड लौटते समय तीनों को धर दबोचा।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में थे या नहीं।
यह दिल दहला देने वाली घटना बीते रविवार रात करीब 9 बजे रांची के लालपुर चौक के पास घटी थी। मृतक अंकित सिंह अपने दोस्त आकाश और सेजल उर्फ अर्णव के साथ रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक बार में गया था। वहां उनका एक दूसरे गुट के युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद बार से बाहर निकलते ही दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दूसरे गुट के युवक ने पहले तो अंकित की जमकर पिटाई और फिर उसे कार से रौंद दिया। इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। अंकित के दोस्त उसे गंभीर हालत में लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां से गंभीर हालत होने पर उसे रिम्स रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान अंकित की मौत हो गई। अंकित कुमार सिंह, गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिगांवा गांव का रहने वाला था।













