{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":2},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
नई दिल्ली/रांची: भारतीय रेल यात्रियों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने देश के अलग-अलग हिस्सों के बीच रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी दी है। इन ट्रेनों के शुरू होने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के साथ अपेक्षाकृत किफायती सफर का विकल्प मिलेगा।
प्रस्तावित नई सेवाओं के जरिए उत्तर भारत को दक्षिण, पश्चिम और मध्य भारत के प्रमुख शहरों से जोड़ा जाएगा। इनमें झारखंड के धनबाद से तमिलनाडु के कोयंबटूर तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस भी शामिल है, जिससे झारखंड और दक्षिण भारत के बीच आवागमन में सुविधा होगी।
धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड ने धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस (22363/22364) को मंजूरी दी है। यह ट्रेन झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कई महत्वपूर्ण शहरों को आपस में जोड़ेगी।
इसके प्रस्तावित प्रमुख ठहरावों में धनबाद, गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, बैतूल, नागपुर, चंद्रपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियल, पेद्दापल्ली, वारंगल, महबूबाबाद, खम्मम और विजयवाड़ा शामिल हैं। इसके बाद ट्रेन ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर, रेनिगुंटा, तिरुत्तानी, काटपाडी, जोलारपेट्टई, सेलम, इरोड और तिरुपुर होते हुए कोयंबटूर पहुंचेगी।
प्रयागराज-एलटीटी अमृत भारत एक्सप्रेस
दूसरी महत्वपूर्ण सेवा प्रयागराज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस (20436/20435) होगी। प्रस्तावित रूप से साप्ताहिक चलने वाली यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सीधी कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी।
इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल और कल्याण बताए गए हैं।
प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड ने प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस (20437/20438) को भी साप्ताहिक सेवा के तौर पर मंजूरी दी है। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश से राजस्थान, मध्य प्रदेश होते हुए गुजरात तक रेल संपर्क को मजबूत करेगी।
इसके प्रस्तावित स्टॉपेज में प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, आगरा ईदगाह, बयाना, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, रतलाम, वडोदरा और उधना शामिल हैं।
सूबेदारगंज-एलटीटी अमृत भारत एक्सप्रेस
प्रयागराज क्षेत्र के यात्रियों के लिए सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस (14121/14122) भी महत्वपूर्ण होगी। इसे भी साप्ताहिक सेवा के रूप में मंजूरी दी गई है।
इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव सूबेदारगंज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, चित्रकूटधाम कर्वी, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे होंगे।
गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (15095/15096) बड़ी सुविधा साबित हो सकती है। रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन को भी साप्ताहिक सेवा के रूप में मंजूरी दी है।
प्रस्तावित रूट में गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद और दिल्ली प्रमुख स्टेशन होंगे।
गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस
गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस (15085/15086) भी सप्ताह में एक दिन संचालित होने का प्रस्ताव है। यह ट्रेन पूर्वी उत्तर प्रदेश को राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के रास्ते मुंबई क्षेत्र से जोड़ेगी।
इसके प्रमुख ठहराव गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा किला, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, भवानी मंडी, शामगढ़, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी, पालघर, बोरीवली और बांद्रा टर्मिनस होंगे।
चरलापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड से मंजूरी पाने वाली सातवीं प्रस्तावित सेवा चरलापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस (22075/22076) है। यह ट्रेन तेलंगाना से उत्तर प्रदेश तक लंबी दूरी की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।
इसके रास्ते में चरलापल्ली, काजीपेट, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर, बैतूल, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, पुखरायां, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा और गोरखपुर प्रमुख स्टेशन होंगे।




