रांची: राजधानी रांची में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची ने अपनी ही मौसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने उसे काम दिलाने का झांसा देकर कई लड़कों के पास बेच दिया। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने आरोपी महिला को पकड़कर पीटा फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
काम दिलाने के बहाने ले गई थी साथ
पीड़ित नाबालिग ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी मौसी, उसे काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गई थी। बच्ची के मुताबिक, वहां ले जाने के बाद मौसी ने उसे अलग-अलग लड़कों के पास भेजा और उसके साथ गलत काम करवाने की कोशिश की। नाबालिग ने बताया कि किसी तरह मौका पाकर वह वहां से भाग निकली और सीधे पुलिस के पास पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी।
लोगों का फूटा गुस्सा
मामले की जानकारी जैसे ही इलाके के लोगों को हुई, आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी महिला को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। काफी देर तक इलाके में हंगामा और तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नाबालिग के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












