
रांची: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना एक बार फिर खतरनाक साबित हुआ है। झारखंड की राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि करमा पूजा के दौरान आरोपी युवक ने छात्रा को मिलने के बहाने बुलाया और रात में उसे जबरन अपने कमरे में रोककर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान लोहरदगा निवासी बबलू उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी और नाबालिग छात्रा की करीब एक महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
करमा पूजा के बहाने बुलाया
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करमा पूजा के दिन आरोपी ने छात्रा को मिलने के बहाने अपने पास बुलाया। आरोप है कि रात में उसने छात्रा को जबरन अपने कमरे में रोक लिया और इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर बुधवार को बदहवास हालत में अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सूचना मिलते ही बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बबलू उरांव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। आरोपी और पीड़िता के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से हुई बातचीत तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।







