---Advertisement---

सिंगर गुरु रंधावा के जिम में ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत,लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेवारी! बोला यह तो सिर्फ ट्रेलर

On: June 11, 2026 12:25 PM
---Advertisement---

दिल्ली:देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। पश्चिम विहार इलाके में मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जुड़े एक जिम के बाहर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर इलाके में दहशत फैला दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना के बाद उस समय सनसनी फैल गई जब सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित पोस्ट और ऑडियो संदेश में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है कि गुरु रंधावा के अभिनेता सलमान खान से करीबी संबंध होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। साथ ही हमले को केवल “ट्रेलर” बताते हुए आगे और कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र स्थित पुष्कर एन्क्लेव के “24 आवर्स फिटनेस” जिम पर दो बाइक सवार नकाबपोश हमलावर पहुंचे और जिम के शीशों पर कई राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो और पोस्ट की सत्यता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वारदात वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने अंजाम दी है या फिर किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की है।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। :::

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now