---Advertisement---

पेट्रोल पंपों पर एसडीएम का औचक निरीक्षण, कृत्रिम किल्लत पर सख्त चेतावनी

On: May 5, 2026 5:59 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

गढ़वा। शहर में पेट्रोल-डीजल की कमी की मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। सोमवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने गढ़वा शहरी क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ईंधन की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और स्टॉक रजिस्टर की गहन जांच की।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मौके पर मौजूद ग्राहकों और पेट्रोल पंप कर्मियों से भी बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। जांच में अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध पाया गया और कहीं भी आपूर्ति बाधित नहीं मिली।

एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में ईंधन की कृत्रिम कमी उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को चेतावनी दी कि बिना उचित कारण पंप बंद न रखें और ग्राहकों को लौटाया न जाए। यदि किसी कारणवश पंप अस्थायी रूप से बंद करना पड़े, तो बाहर स्पष्ट सूचना प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने स्टॉक रजिस्टर को अद्यतन और व्यवस्थित रखने का भी निर्देश दिया, ताकि आपूर्ति की नियमित निगरानी की जा सके। साथ ही एसडीएम ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को भी एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत गया है कि आम जनता को परेशान करने वाली किसी भी लापरवाही या कृत्रिम किल्लत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें