---Advertisement---

विशुनपुरा चोरी कांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; कई पुराने मामलों पर अब भी सवाल

On: May 5, 2026 11:24 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। विशुनपुरा बाजार स्थित मनोकामना ज्वेलर्स व बर्तन दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से नकदी और कुछ जेवरात बरामद किए गए हैं। हालांकि क्षेत्र में पूर्व में हुई कई बड़ी चोरियों का अब तक खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठ रहे हैं।

मंगलवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि हाल ही में अज्ञात चोरों ने विशुनपुरा बाजार स्थित दुकानों में सेंधमारी कर 37 हजार रुपये नकद समेत सोने का लॉकेट, कान का टॉप और नथिया चोरी कर ली थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस निरीक्षक जितेन्द्र कुमार आजाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह व रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गढ़वा थाना क्षेत्र के महुलिया गांव निवासी 23 वर्षीय मुटुर पाल उर्फ अतिन्द्र पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 22,500 रुपये नकद, एक जोड़ी कान का टॉप, ‘ओम’ लिखा सोने का लॉकेट और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया। आरोपी ने बताया कि शेष राशि खर्च हो गई तथा कुछ रकम नशे की हालत में कहीं गिर गई।

एसडीपीओ ने यह भी बताया कि आरोपी ने रमना थाना क्षेत्र में नवंबर 2025 में एक किराना दुकान से 50 हजार रुपये की चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उस मामले में भी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुराने मामलों पर उठ रहे सवाल

हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि विशुनपुरा व आसपास के क्षेत्रों में पहले भी कई बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में इस एक मामले के खुलासे के बावजूद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने लंबित मामलों के भी जल्द उद्भेदन की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा कायम हो सके।

प्रेसवार्ता में पुलिस निरीक्षक जितेन्द्र कुमार आजाद, विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह, रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें