T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे दिन यानी 9 फरवरी को क्रिकेट फैंस को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। टूर्नामेंट के इस दिन खेले गए तीन मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और स्कॉटलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में इन टीमों का दबदबा साफ नजर आया।
दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा को 57 रनों से हराया
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के उपविजेता दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप D के मुकाबले में कनाडा को 57 रनों से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान एडेन मार्करम ने 59 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि डेविड मिलर ने 39 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 34 रनों का योगदान दिया। इन आक्रामक पारियों ने कनाडा के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 156 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और मैच के हीरो बने।
जिम्बाब्वे की एकतरफा जीत, ओमान को 8 विकेट से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे ने ओमान के खिलाफ बेहद प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड (SSC) में खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने सिर्फ 13.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर आठ विकेट से जीत दर्ज की। पहले गेंदबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने ओमान को 19.5 ओवर में 103 रन पर ऑल आउट कर दिया। गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुज़ारबानी, रिचर्ड नगारवा और ब्रैड इवांस ने तीन-तीन विकेट लेकर ओमान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। जवाब में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने कोई गलती नहीं की। ब्रायन बेन्नेट 48 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि टेलर ने 30 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 31 रन बनाए।
स्कॉटलैंड ने इटली के डेब्यू को किया फीका, 73 रनों से जीत
ईडन गार्डन्स में खेले गए दिन के मुकाबले में स्कॉटलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रही इटली की टीम को करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 208 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जॉर्ज मुन्से ने 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि ब्रैंडन मैकमुलन ने 41 रनों का अहम योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने इटली के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम दबाव नहीं झेल सकी और 16.4 ओवर में 134 रन पर ऑल आउट हो गई। स्कॉटलैंड की ओर से माइकल लीस्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए।













