भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में होली के दौरान एक प्रेम प्रसंग ने खूनी रूप ले लिया। युवती से मिलने पहुंचे तीन युवकों पर हमला कर दिया गया, जिसमें दो की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक
घटना तेतरी जीरोमाइल इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पसराहा थाना क्षेत्र निवासी अजेश कुमार का परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरया गांव की एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। होली के मौके पर अजेश अपने दो दोस्तों गुलशन कुमार और नीरज कुमार के साथ बोरबस गांव पहुंचा था। गुलशन के एक रिश्तेदार का घर वहां होने के कारण तीनों युवक उसी घर में ठहरे हुए थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान अजेश चुपके से अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। उस समय युवती घर में अकेली थी। अजेश कमरे के अंदर उससे मिलने चला गया, जबकि उसके दोनों दोस्त बाहर खड़े होकर नजर रख रहे थे। कुछ ही देर में युवती के परिजनों को इस बात की भनक लग गई। जब वे घर पहुंचे और कमरे में दोनों को साथ देखा तो उनका गुस्सा भड़क उठा। इसके बाद परिजनों ने अजेश और उसके दोनों दोस्तों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि युवती के परिजनों ने तीनों युवकों को जबरन वहां से उठाकर कलबलिया धार के पास स्थित केले के बागान में ले गए। वहां तीनों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर गोली चला दी गई। गोली लगने से गुलशन कुमार और नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजेश कुमार भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि घायल होने के बावजूद वह किसी तरह वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाने में सफल रहा।
शव सड़क किनारे फेंककर फरार हुए आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दोनों युवकों के शव को छिपाने की कोशिश की। शवों को सड़क किनारे फेंक दिया गया। अगली सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखे तो इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर की गई जांच के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने नीतीश कुमार, अखिलेश उर्फ रूबल, संजू देवी, देवो मंडल और विजय मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।
हथियार की तलाश में छापेमारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना प्रेम प्रसंग और पारिवारिक आक्रोश के कारण हुई है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।














