July 27, 2026

गढ़वा सदर अस्पताल के डॉक्टर की पत्नी ने फंदे पर लटक कर दी जान, पुलिस ने शुरू की जांच

Picsart_25-06-25_19-16-26-981.jpg

गढ़वाः गढ़वा सदर अस्पताल में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. तरुण की पत्नी सुषमा देवी(कुमारी) ने अस्पताल परिसर स्थित अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई और गमगीन माहौल व्याप्त हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त डॉ. तरुण अस्पताल की ओपीडी में मरीजों का इलाज कर रहे थे। इस दौरान उनके आवास पर कुछ पारिवारिक सदस्य भी मौजूद थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वे अपने आवास लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। कई बार दस्तक देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल सिविल सर्जन को सूचना दी और इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस की उपस्थिति में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। डॉ. तरुण की पत्नी सुषमा का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी संतोष केशरी मौके पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अब तक कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

डॉ. तरुण को सदर अस्पताल का कुशल और समर्पित चिकित्सक माना जाता है। इस घटना से उनके परिवार समेत अस्पताल के कर्मचारियों और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed