रांची: झारखंड में मंगलवार को बम धमकी के ईमेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। रांची और जामताड़ा सिविल कोर्ट के साथ-साथ जमशेदपुर स्थित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई (XLRI) को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड में आ गए और सभी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सोमवार को बोकारो के सिविल कोर्ट भी साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
जामताड़ा सिविल कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी
जामताड़ा जिला सिविल कोर्ट को भेजे गए ईमेल में ड्रोन के जरिए बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने पूरे इलाके की जांच की, हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। पुलिस के अनुसार धमकी भरा ईमेल कथित तौर पर तमिलनाडु के एक संगठन के नाम से भेजा गया है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
रांची सिविल कोर्ट में भी बढ़ाई गई सुरक्षा
इसी तरह रांची सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। रांची के सिविल कोर्ट को उसके ऑफिशियल ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसकी सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट कैंपस को खाली करा दिया गया। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को खाली कराकर हर कोने की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अनहोनी से निपटने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। खबर लिखे जाने तक यहां भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
जमशेदपुर के XLRI संस्थान को भी धमकी
वहीं जमशेदपुर स्थित प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई (XLRI) को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी मिलने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे कैंपस को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने कैंपस के हर हिस्से की गहन जांच शुरू कर दी है।
ईमेल की तकनीकी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ईमेल कहां से और किसने भेजा है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।
हालांकि अब तक किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।










