
गढ़वा: जिले में शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 34 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गढ़वा थाना क्षेत्र के मेढ़ना गांव स्थित टोल टैक्स के समीप फोरलेन सड़क पर हुआ। यहां एक हाईवा और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरमा खुर्द गांव निवासी राजू प्रसाद गुप्ता (34) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल होने वालों में इसी गांव के नागेंद्र यादव और सुनील साव शामिल हैं। नागेंद्र यादव की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया है।
बाल कटवाने गढ़वा आए थे तीनों
परिजनों के अनुसार, राजू प्रसाद गुप्ता, नागेंद्र यादव और सुनील साव शनिवार को एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव मुरमा खुर्द से गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलचंपा चौक के पास बाल कटवाने आए थे। बाल कटवाने के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान मेढ़ना गांव स्थित टोल टैक्स के पास फोरलेन सड़क पर उनकी मोटरसाइकिल की एक हाईवा से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार राजू प्रसाद गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं नागेंद्र यादव और सुनील साव भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राजू प्रसाद गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया।
नागेंद्र यादव की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। वहीं, सुनील साव का इलाज सदर अस्पताल में किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस गढ़वा सदर अस्पताल पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। राजू का शव गांव पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







